- हल्दौर ब्लॉक के गांव कादरपुर जसवंत के प्रधान को नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। हल्दौर ब्लॉक की पंचायतों में निर्माण कार्य अधूरे मिले। ओडीएफ के तय काम ठप मिले। इस पर पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। इस मामले में ग्राम प्रधान और चार सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने हल्दौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कादरपुर जसवंत के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी साथ रहे। कूड़ा संग्रहण केंद्र के निर्माण में दोयम ईंट का इस्तेमाल होता मिला। खाद के गड्ढे, सोक पिट, डस्टबिन सिल्ट कैचर आदि पर अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण नहीं है। गांव में चार सफाई कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन गांव में सफाई व्यवस्था बदतर मिली। ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ सफाई में लापरवाही करने के लिए चारों सफाई कर्मचारियों को चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
ग्राम पंचायत खारी में खाद के गड्ढे मानक के अनुसार नहीं बनाए गए हैं। ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। कार्यों में लापरवाही बरतने, मानक के अनुसार ना कराने एवं सफाई व्यवस्था पर ध्यान न देने के लिए ग्राम प्रधान एवं सचिव को चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।