बिजनौर/नगीना/स्योहारा। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील स्तर तक कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इन्होंने महंगाई और बेरोजगारी समेत किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। केंद्र सरकार के खिलाफ भी आवाज बुलंद की और ज्ञापन सौंपे।
शुक्रवार को जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया गया। ज्ञापन देने के लिए जिला उपाध्यक्ष मुनीश त्यागी और जिला महासचिव नजाकत अल्वी के नेतृत्व में कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे थे। ज्ञापन में कहा गया कि भाजपा शासन काल में देश प्रदेश में दिन प्रति दिन महंगाई बढ़ रही है। जिसके चलते आम नागरिक को दो वक्त की रोटी मिलना भी दूभर हो गया है। बेरोजगारी चरम पर है, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी नहीं है। सरकार इस ओर कोई ध्यान नही दे रही है। खान पान में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री पर भी जीएसटी लगा कर लूटने का काम किया गया है। कीटनाशक और बीज पर भारी जीएसटी लगने की वजह से अन्नदाता भी परेशान हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ओमवती देवी, इकबाल अहमद ठेकेदार, रविराय, गुलशन कुमार, बाबुल हसन, विक्रम सिंह, शमीम कुरैशी, पदम सिंह, मो. रफत नेता, सुधीर कुमार रवि, राजवीर सिंह सैनी, वसीम अहमद, आमोद शर्मा, वीरेश गहलोत, दिनेश कुमार, संजीव चौधरी, नसीम आदि मौजूद रहे।
नगीना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुफ्ती मोनिश हुसैन, नगर अध्यक्ष मोहम्मद असलम, अवनीश कुमार, डूंगर सिंह, फैजान आदि शामिल रहे। स्योहारा में चांद चौधरी, डॉ. यज्ञदत्त गौड़, आरिफ कुरैशी, फहीम, हरि सिंह सागर, नरेंद्र सैनी, अहरान जमील, प्रेम सिंह सैनी आदि ने ज्ञापन सौंपा।