चांदपुर में पुलिस की गिरफ्त में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान।
- चांदपुर नगर पालिका चुनाव में भाजपा उम्मीदवार से मारपीट में दर्ज हुआ था केस
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। कांग्रेस के बिजनौर जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। लखनऊ कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष को बिजनौर लाया जा रहा है। दरअसल, चांदपुर पालिका से भाजपा उम्मीदवार के साथ मारपीट करने के मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष, कांग्रेस से उम्मीदवार उनकी पत्नी समेत 12 को नामजद करते हुए मामला दर्ज हुआ था। हाईकोर्ट ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष की पत्नी को राहत देते हुए 15 मई तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
बृहस्पतिवार को बिजनौर पुलिस ने लखनऊ में कांग्रेस पार्टी कार्यालय के पास से कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान को गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में तीन गिरफ्तारी हो चुकी है। बता दें कि नगरपालिका परिषद चांदपुर के लिए चार मई को हुए मतदान के दौरान फर्जी मतदान को लेकर बास्टा रोड स्थित मतदान केंद्र बरात घर के पास भाजपा प्रत्याशी विकास कुमार गुप्ता व उनके भाई विशाल गुप्ता के साथ मारपीट हो गई थी। जिसमें भाजपा प्रत्याशी विकास कुमार गुप्ता रॉकी ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान, कांगेस प्रत्याशी जीनत पठान सहित 12 को नामजद करते हुए 32 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि शेरबाज पठान और उनकी पत्नी समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी के वारंट जारी किए थे। तभी से पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही थी।
जीनत पठान की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से लगी रोक
बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट ने शेरबाज पठान की याचिका पर उनकी पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी जीनत पठान की गिरफ्तारी पर पंद्रह मई तक के लिए रोक लगा दी है। शेरबाज पठान और उनके साथियों की तरफ से हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया था कि चुनावी रंजिश की वजह से उन पर केस दायर कराया गया है। याचिका में यह भी कहा गया था कि 13 मई को मतगणना होनी है। जीनत पठान चांदपुर पालिका से चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी हैं। प्रत्याशी को मतगणना के समय रहने का अधिकार है। इसलिए उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए। हाईकोर्ट के न्यायाधीश अंजनी कुमार मिश्रा और न्यायाधीश नंद प्रभा शुक्ला ने पंद्रह मई तक जीनत पठान व एक अन्य की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। इस मामले की अगली सुनवाई 16 मई को होगी।