भयमुक्त माहौल में संपन्न कराएं चुनाव: डीएम
बिजनौर। डीएम और एसपी ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 को शांतिपूर्वक एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिण् हैं।
बृहस्पतिवार की रात मंडावर थाने में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और निष्पक्षता के साथ करें। डीएम ने निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आयोग की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई अमल में लाएं। असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगाह रखें, जिससे जिले में शांति और भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न कराई जा सके। एसपी धर्मवीर सिंह ने पुलिस को निर्देश दिए कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों और शरारती तत्वों को मुचलका पाबंद करें और उनकी सतर्कता के साथ निगरानी रखी जाए।
इस अवसर पर डीएम रमाकांत पांडेय, सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एसपी धर्मवीर सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता उपस्थित रहे।