बिजनौर। माघ मेले के चलते गंगा में प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। जीरो डिस्चार्ज पर निगरानी रखने के लिए कमेटी गठित हो गई है। गंगा में प्रदूपित जल प्रवाह रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उमेशचंद्र शुक्ला ने बताया कि जिले में चीनी मिल सहित 24 उद्योग हैं। लेकिन जिले में संचालित सभी उद्योग बंद होने के दायरे में नहीं आते हैं। इसलिए, जिले के उद्योग बंद नहीं रहेंगे। बल्कि, माघ मेले के चलते इन उद्योगों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए चार सदस्यों की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी गठित की गई है। कमेटी में प्रदूषण बोर्ड, उद्योग विभाग, जल निगम, प्रशासन का एक सदस्य है। जो छोटे नाले गंगा में जाकर मिलते हैं। उन पर विशेष निगाह रहेगी कि उनके माध्यम से फैक्टरियां प्रदूषित जल का प्रवाह न कर सकें।