-पूर्व मंत्री और एमएलसी अशोक कटारिया के गांव हीमपुर पृथ्या आएंगे दोनों राजनेता
- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बिजनौर कलक्ट्रेट में अफसरों और पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ संवाद भी करेंगे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/नूरपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी आज बिजनौर में रहेंगे। इन्हें पूर्व मंत्री एवं एमएलसी अशोक कटारिया के गांव हीमपुर पृथ्या में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम भंडारे में शामिल होना है। हालांकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले कलक्ट्रेट में अफसरों के साथ बैठक कर योजनाओं का हाल जानेंगे। पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक का भी कार्यक्रम तय है।
इस कार्यक्रम को लेकर डीएम उमेश मिश्रा, एसपी नीरज कुमार जादौन समेत अन्य अफसरों ने हीमपुर पृथ्या गांव में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य इंतजामों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। हीमपुर पृथ्या में गन्ना क्रय केंद्र के मैदान में दो हैलीपेड बनाए गए हैं। बता दें कि विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया के गांव हीमपुर पृथ्या में उनके परिवार की ओर से स्वामी कृष्ण स्वरूप महाराज का सालाना सत्संग व भंडारे का आयोजन है। इस आयोजन में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी के पहुंचने का कार्यक्रम तय है। जिसे लेकर प्रशासनिक अधिकारी पिछले तीन दिनों से गांव में डेरा डालकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। गांव की टूटी सड़कों और पुलियों को दुरुस्त किया गया।
स्कूल का कर दिया सुंदरीकरण
गांव के सरकारी विद्यालय में टाइल्स लगाने और दीवारों को स्वच्छता अभियान के स्लोगनों से सजाने के साथ ही सफाई का कार्य परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर प्रसाद तिवारी, जिला विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारी राजवीर सिंह की देखरेख में चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह, शिवालाकलां थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार को साथ लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुटे रहे। कार्यक्रम संयोजक अशोक कटारिया ने बताया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पूर्वाह्न करीब तीन बजे और उत्तराखंड सीएम पुष्कर धामी के दोपहर एक बजे पहुंचने की संभावना है।
यह रहेगा डिप्टी सीएम का कार्यक्रम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हेलीकॉप्टर से बिजनौर की पुलिस लाइन में 12:05 बजे पहुंचेगे, यहां से नजीबाबाद रोड स्थित भाजपा के पार्टी कार्यालय जाएंगे। पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों से संवाद करने के बाद एक बजकर बीस मिनट पर कलक्ट्रेट के सभागार में पहुंच जाएंगे। जहां जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद तीन बजकर पांच मिनट पर पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर में सवार होकर हीमपुर पृथ्या गांव के लिए प्रस्थान करेंगे। तीन बजकर 35 मिनट पर सत्संग में शामिल होने का कार्यक्रम है। चार बजकर दस मिनट पर निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करना है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सहकारिता जेपीएस राठौर भी आएंगे।
उत्तराखंड के सीएम का कार्यक्रम
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी देहरादून से सीधे हीमपुर पृथ्या में बनाए गए हैलीपेड पर 12 बजे पहुंचेगे। करीब डेढ़ घंटा सत्संग कार्यक्रम में रहने के बाद करीब डेढ़ बजे उत्तराखंड के लिए रवाना हो जाएंगे।