फसलों के लिए आफत बनकर बरस रहे मेघा
बिजनौर। पिछले तीन दिनों से जनपद में रुक-रुक बारिश हो रही है। बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। हवा के साथ हो रही बारिश फसलों के आफत बन रही है। बारिश व हवा से अगेती धान, गन्ने की फसल गिर गई। बारिश से अगेती उड़द की फसल के फूल को भी नुकसान होने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से गिरी धान फसल के खेत में पानी भरा होने से चावल काला पड़ जाता है, जिसके बाजार के भाव में गिरावट आ जाती है। गन्ना फसल को नुकसान है और उड़द की अगेती फसल को काफी नुकसान है। पहले बारिश कम होने से गन्ना, धान आदि फसलों को नुकसान हुआ। अब ज्यादा बारिश से फसलों को नुकसान दे रही है।
- हवा व बारिश से गिरी फसलें
जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्रा का कहना है कि बारिश व हवा से धान की अगेती फसल गिर गई है। ऐसे में और बारिश होने तथा खेतों में जल भरा होने से उत्पादन पर असर पड़ता है। अगेती उड़द की फसल भी प्रभावित होगी। बारिश से होने वाले नुकसान का आकलन कराया जाएगा।
उत्पादन पर पड़ेगा प्रभाव
अफजलगढ़। किसान कोहर सिंह, राजेन्द्र सिंह, विजेन्दर सिंह तथा पप्पू ने बताया कि इस समय धान की फसल पकने की कगार पर है। हवा के साथ हो रही बारिश से धान व गन्ने की खड़ी फसल गिर गई है। धान की फसल गिरने व खेतों में पानी भरा होने से उत्पादन पर खास प्रभाव पड़ेगा।
-जलभराव से लोगों को हुई परेशानी
गांव से लेकर शहर तक झमाझम बारिश होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। नालों तक सड़क में भरे पानी की निकासी नहीं होने तक सड़कें ही नाला बन गई। पानी भरा होने से राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। चक्कर रोड पर फाटक के पास, नजीबाबाद रोड पर आदर्श नगर के सामने, सेंटमेरी स्कूल के पास पानी भरा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।