नजीबाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव उपलक्ष्य में पुरातत्व विभाग ने ऐतिहासिक इमारतों की सफाई और उनमें रोशनी करने की सुध ली है। पत्थरगढ़ के किले को तिरंगा रोशनी में जगमगाने के बाद पुरातत्व विभाग की मेरठ से आई टीम ने नवाब नजीबुद्दौला मकबरे पर सफाई अभियान चलाया।
पुरातत्व विभाग की टीम में शामिल क्षेत्रीय प्रभारी रोहित कुमार, यूडीसी गजेंद्र सिंह ने मकबरा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी की उपस्थिति में मकबरे की मस्जिद परिसर का दौरा किया। टीम ने मकबरा परिसर में सफाई अभियान चलाया।
वहीं पुरातत्व विभाग की टीम ने नगर सीमा से लगे गांव महावतपुर क्षेत्र में स्थित पत्थरगढ़ के किले पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ध्वजारोहण व्यवस्था और किले पर विभाग द्वारा की गई प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। किला परिसर में 15 अगस्त पर पुरातत्व विभाग की ओर से ध्वजारोहण के लिए चबूतरा निर्मित कराया गया है। 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा। आजादी के परवानों ने क्षेत्रीय लोगों के साथ 15 अगस्त 1947 को पत्थरगढ़ के किले पर ध्वजारोहण के साथ देश की आजादी का जश्न मनाया था।