दहीरपुर-कांठपुर माइनर की सफाई शुरू
मंडावली/नजीबाबाद। दहीरपुर से कांठपुर तक की दो किमी लंबी पूर्वी गंग नहर माईनर की सफाई का अभियान सिंचाई विभाग ने शुरू किया है। हरिद्वार के सिंचाई खंड दो के अंतर्गत आने वाली पूर्वी गंग नहर का माइनर गांव दहीरपुर से होकर कांठपुर तक जाता है। माइनर की सफाई जेसीबी द्वारा कराई जा रही है। जेई दयानंद जोशी ने बताया सफाई कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडावली, चंदक, मंडावर क्षेत्र को हरिद्वार खंड दो से जोड़ा गया है। जेई ने जून के प्रथम सप्ताह में नहरों में पानी छोड़ने की संभावना व्यक्त की। सिंचाई विभाग ने शीघ्र नहरों की सफाई का काम पूरा करने और टेल तक पानी पहुंचाने का भी दावा किया है।