जलालाबाद में सफाई के संबंध में लोगों से जानकारी करते टीम प्रतिनिधि।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत नगर पालिकाओं को सफाई में रैंकिंग देने के लिए नामित की गई टीम ने बिजनौर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था देखी।
टीम ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर आम जनता के बीच में जाकर सफाई के बारे में पूछताछ की। टीम में शामिल असेसमेंट अधिकारी मोहम्मद हसन, जूनियर असेसमेंट अधिकारी शुभम कुमार मंगलवार को बिजनौर नगर पालिका पहुंचे। टीम ने नगर पालिका ईओ इंद्रपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार अग्रवाल से शहर में रोज निकलने वाले कूड़े, उसे उठाने की व्यवस्था और निस्तारण के बारे में जानकारी ली। टीम ने सफाई कर्मचारियों से भी नागरिकों की शिकायत पर कूड़ा उठाने के बारे में पता किया। टीम ने वाल्मीकि बस्ती और नगर में अन्य स्थानों पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। ईओ के मुताबिक शासन से आई टीम ने जो भी जानकारी मांगी, वह उपलब्ध करा दी गई है।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता का किया आह्वान
जलालाबाद (बिजनौर) । नगर पंचायत जलालाबाद में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की समीक्षा करने आई टीम ने मंगलवार को क्षेत्रवासियों से बातचीत कर अभियान के संबंध में जानकारी की।
दिल्ली से आई टीम में शामिल मोहित कुमार, चिरंजीव कुमार ने नगर पंचायत के मोहल्ला कचहरी सराय, राईयान, गुलिस्तान, प्रेमनगर, इस्लामनगर का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था देखी। टीम प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों से सफाई के विभिन्न 44 बिंदुओं पर बात की। टीम सदस्यों ने भविष्य में भी लोगों के स्वच्छ वातावरण के प्रति गंभीर रहते हुए नगर पंचायत की ओर से की जा रही सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपेक्षा की। अहसान मंसूरी, दिलशाद अंसारी, शीतल, राजीव, जुनैद, इरफान, नसीम, नरेश, मकसूद, इफ्तेखार, शारिक आदि ने वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।