नगीना। प्रेम प्रसंग के चलते कक्षा नौ की छात्रा ने जहरीला पदार्थ को निगल लिया। इससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का काफी दिनों से पड़ोस में रहने वाले अपनी ही बिरादरी के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व किशोरी के परिजनों ने प्रेमी युवक के साथ उसे देख लिया था तथा इस बात पर उसे डांट दिया था। बुधवार रात्रि किशोरी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जानकारी जुटाई। सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि परिजनों ने पड़ोस के ही एक युवक पर इस मामले में आरोप लगाया है। किशोरी की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।