ग्रामीण और लेखपाल के बीच नोकझोंक
धामपुर। गांव जैतरा निवासी मनोज चौहान और क्षेत्र के लेखपाल की तहसील में नोकझोंक हो गई। मनोज का आरोप है की लेखपाल जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा है। रिश्वत न देने पर उसके प्रार्थना पत्र पर दो महीने से रिपोर्ट नहीं लगाई है। मंगलवार को जब मनोज चौहान एसडीएम से पटवारी की शिकायत करने के लिए तहसील में आया तो पटवारी और उसके बीच नोकझोंक हो गई। ग्रामीण का कहना है कि पटवारी की उसके पास रिश्वत मांगने की ऑडियो है। पटवारी रिपोर्ट लगाने के नाम पर उससे 2500 रुपये मांग रहा है। मनोज चौहान ने बताया कि उसने धामपुर शुगर मिल मार्ग पर आधा बीघा जमीन खरीदी है। दाखिल खारिज कराने के लिए वह दो माह से आवेदन पर रिपोर्ट लगाने की मांग करता रहा है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, लेखपाल ने आरोपों को निराधार बताया है।