-एक कार का चालान किए जाने पर हुआ हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। चांदपुर में एक कार का चालान किए जाने पर ब्लॉक प्रमुख के पुत्र आग बबूला हो गए। फोन पर बात नहीं हुई तो मौके पर जा पहुंचे। यातायात उपनिरीक्षक और ब्लॉक प्रमुख के पुत्र के बीच जमकर नोकझोंक हुई। हालांकि कार चालान फिर भी कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें जलीलपुर ब्लॉक की प्रमुख के बेटे और यातायात उपनिरीक्षक के बीच जमकर बहस हो रही है। बताया गया कि ब्लॉक प्रमुख के एक परिचित की कार का चालान कर दिया गया था। चालान किए जाते वक्त कार स्वामी ने ब्लॉक प्रमुख के बेटे से फोन पर बात कराने की कोशिश की। मगर यातायात पुलिस ने फोन पर बात करने से इनकार कर दिया।
इस पर ब्लॉक प्रमुख के पुत्र मौके पर आ गए। जहां दोनों में जमकर बहस हुई। ब्लॉक प्रमुख के पुत्र एवं भाजपा नेता कपिल चौधरी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता की कार को रोककर सीज किया जा रहा था। टीएसआई ने फोन पर बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बातचीत की थी, कोई नोकझोंक नहीं हुई।