सेंट मेरी स्कूल में मनाया क्रिसमस उत्सव
हल्दौर। नगर में स्थित सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल में क्रिसमस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भगवान यीशु के जन्म को दर्शाया गया और छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
नगर के सेंट कान्वेंट स्कूल में बृहस्पतिवार को क्रिसमस पर्व का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सिस्टर लीना ने बढ़ापुर आश्रम से 120 बच्चों को विद्यालय में आमंत्रित किया, जो किसी न किसी रूप से शारीरिक रूप से अक्षम हैं। विद्यालय द्वारा इन सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई तथा अन्न, धन के रूप में सहायता भी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि के रूप में सीओ सिटी अनिल कुमार सिंह कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रेसिडेंट के रूप में बिजनौर डायसिस के फादर जॉन, नगर हल्दौर के बीडीओ वीरेंद्र यादव गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। बढ़ापुर आश्रम से आए इन बच्चों ने कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। उनके विशेष कार्यक्रमों को देखकर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा तथा खूब प्रशंसा की गई।
स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने विद्यालय द्वारा किए गए इस कार्यक्रम को खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों में परोपकार की भावना का विकास होता है। प्रधानाचार्य सिस्टर लीना ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के संचालन का भार विद्यार्थी आर्या, उन्नति, आराध्या, शिवी, तन्वी तथा वैष्णवी ने संयुक्त रूप से किया। कक्षा नौ की छात्रा श्रुति राजपूत ने वोट ऑफ थैंक्स देकर कार्यक्रम को समापन किया।