बुखार से बच्चे की मौत, हंगामा
बरूकी। बरूकी में बुखार से एक बच्चे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
ग्राम शादीपुर निवासी गिरवर का पांच वर्षीय पुत्र जय बुखार से पीड़ित था। परिजनों ने बच्चे को ग्राम बरूकी में एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया था। सुबह से उसका इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने बच्चे को बिजनौर रेफर कर दिया। बिजनौर पहुंचने पर निजी चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परिजन बच्चे का शव लेकर चिकित्सक के क्लीनिक पर आए और शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। दर्जनों ग्रामीण डॉक्टर के क्लीनिक पर इकट्ठे हो गए। इस दौरान चिकित्सक क्लीनिक से फरार हो गया। मौके पर 100 नंबर की पुलिस भी पहुंची। इसके बाद थाना कोतवाली देहात पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार देर रात्रि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।