बिजनौर में मालन नदी के तट का निरीक्षण करते एडीजे राजकुमार व डीआईजी शलभ माथुर।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने जिला भ्रमण के दौरान ग्रामीण युवाओं को भविष्य संवारने के लिए लाइब्रेरी की बड़ी सौगात देंगे। पंचायतों की लाइब्रेरियों का शिलान्यास होगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक देंगे। कार्यक्रम को फाइनल टच दिया जा रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहर जाने की परेशानी से छुटकारा मिले। युवाओं को गांव मे ही परीक्षा तैयारी की बेहतर सुविधा मिले। इसके लिए शासन ने पंचायतों में लाइब्रेरी स्थापना का कार्यक्रम शुरू हुआ है। डीएम उमेश मिश्रा ने मोहम्मदपुर देवमल ब्लाक की ग्राम पंचायत में अभियान का शुभारंभ किया।
सीडीओ पूर्ण बोरा ने बताया कि एक साल में सभी 1123 पंचायतों में लाइब्रेरी स्थापना का लक्ष्य है। बताया कि 11 ब्लाक की पंचायतों में में 200 लाइब्रेरी के शिलान्यास का कार्यक्रम है। लाइब्रेरी में ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी तैयारी की सभी शिक्षण सामग्री उपलब्ध होगी। युवाओं की मांग पर पठन पाठन सामग्री बढ़ेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन सितंबर को जिले के भ्रमण पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री 200 लाइब्रेरी का शिलान्यास विकास भवन से करेंगे।
आवासों की चाबी सौंपेंगे
सीडीओ पूर्ण बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री शासन की मुख्यमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बने आवासों के 25 लाभार्थियों को आवासों की चाबी प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लगभग तीन करोड़ के रिवाल्विंग फंड के डेमो चैक प्रदान करेंगे। बाल एवं महिला कल्याण विभाग को और से कन्या सुमंगला योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को डेमो चैक प्रदान किए जाएंगे।