उत्तराखंड के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़ (बिजनौर)। कल्लूवाला निवासी एक युवक ने उत्तराखंड के तीन लोगों पर न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कल्लूवाला निवासी केवल सिंह गिल पुत्र सुरजीत सिंह गिल ने बताया कि वह उत्तराखंड के काशीपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। उसके विदेश में नौकरी करने की इच्छा है। इसी सिलसिले में मनप्रीत कौर गोराया और इंद्रजीत गोराया निवासी बाजपुर उत्तराखंड उसके पास आए और न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा दिलाया। फरवरी से जुलाई तक विदेश भेजने के नाम पर छह लाख 40 हजार रुपये ले लिए। टिकट के नाम पर बाजपुर के ही गुरप्रीत सिंह ने भी एक लाख साठ हजार की रकम ली।
इसके बाद से आरोपी उसे वीजा और टिकट के नाम पर टालते रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अन्नु कुमारी ने बताया की पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।