सीएचसी हल्दौर को मिला कायाकल्प अवार्ड
हल्दौर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दौर को कायाकल्प अवार्ड से नवाजा गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शासन की ओर से अस्पतालों को कायाकल्प योजना के अंतर्गत साफ सफाई, निर्माण एवं अन्य कार्य कराए जाते हैं। इसके बाद वर्ष के अंत में प्रदेश भर के अस्पतालों की सूची जारी की जाती है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी मदनपाल सिंह ने बताया कि कायाकल्प योजना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चयन किया गया है। इस अवसर पर मुरादाबाद से आए डॉ. प्रशांत श्रीवास्वत, सीएमओ विजय कुमार यादव, डॉ. हेमेंद्र, डॉ. अरुण, डॉ. अमजद, डॉ. निधि भारती, फार्मासिस्ट सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।