बिजनौर। विवेक कॉलेज ऑफ लॉ में नेशनल वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में विधिक शिक्षा में बदलाव को जरूरी बताया गया।
मंगलवार को कॉलेज में आयोजित वेबिनार में धर्मश्रेष्ठ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जबलपुर के वाइस चांसलर प्रोफेसर बलराज चौहान ने कहा कि ग्लोबलाइजेशन और मल्टी नेशनल कंपनियों के आने के बाद आज कानूनी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद इसके लिए वर्तमान विधिक शिक्षा के ढांचे में बडे़ बदलाव की जरूरत है। उन्होंने ‘इमर्जिग प्रोस्पेक्टस ऑफ लीगल एजुकेशन इन इंडिया’ विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने विवेक कॉलेज ऑफ लॉ में छात्र-छात्राओं के लिए चलाए जा रहे प्रेक्टिकल ट्रेनिंग प्रोग्राम की प्रशंसा की। इस मौके पर प्राचार्य डा. राजीव चौधरी ने कहा कि आज सिविल, क्रिमिनल और रेवेन्यू जैसी पारंपरिक वकालत के साथ-साथ आज इन्कम टैक्स, इंश्योरेंस, कॉरपोरेट, मध्यस्थता, बैंकिंग आदि अनेक नए क्षेत्रों में विधि स्नातकों के लिए रोजगार का अपार सृजन हुआ है। चेयरमैन अमित गोयल ने कहा कि कोविड-19 के दौरान विवेक कॉलेज द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन करने के साथ ही छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन इंटर्नशिप कराई जा रही है। वेबिनार में सचिव दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल, डा. हितेश शर्मा, डा. पुष्पा जोशी सहित पूरे देश से 556 शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।