- जिले के सात हजार शिक्षकों पर होगा असर, डीआईओएस कार्यालय से लगेगी ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति और कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने की व्यवस्था में बदलाव हुआ। 2022 की बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक समेत अन्य परीक्षा संबंधी ड्यूटी शासन से लगी थी। परीक्षा ड्यूटी ऑनलाइन लगाई गई थी। परंतु वर्ष 2023 में ऑनलाइन व्यवस्था को बदल दिया गया है। इस बार डीआईओएस कार्यालय से शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
2022 की बोर्ड परीक्षा 131 केंद्रों पर हुई थी। बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तथा कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी शासन से ऑनलाइन लगाई गई थी। करीब सात हजार शिक्षक व प्रधानाचार्य परीक्षा ड्यूटी में लगे थे। आरोप है कि शिक्षकों की ड्यूटी उनके विद्यालयों से अधिक दूरी पर लगा दी गई थी। शिक्षकों को अपने ड्यूटी तैनाती स्थल पर पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा था। महिला शिक्षकों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी थी। अनेक शिक्षक या तो ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं, यदि पहुंचे भी तो देरी से। इससे केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संपन्न कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा था। परीक्षा ड्यूटी की शिकायत शासन तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लिया गया।
वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगी थी। शासन से वित्त विहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य को भी केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त कर दिया गया था। बोर्ड को परीक्षा के बीच में अपनी व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा था। जिले के वित्त विहीन विद्यालयों के 51 केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के बीच में ही हटा दिया गया था। 2023 की परीक्षा 133 केंद्रों पर होगी। केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों, बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों तथा कक्ष निरीक्षक की परीक्षा ड्यूटी डीआईओएस कार्यालय से लगेंगी।