संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट में चांदपुर की टीम चैंपियन बनीं। सीनियर वर्ग, जूनियर वर्ग तथा सब जूनियर वर्ग के खिताब जीतने पर यह खिताब हासिल किया।
टूर्नामेंट में जनपद बिजनौर के पांचों क्षेत्रों चांदपुर, नगीना, धामपुर, बिजनौर व नजीबाबाद के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधक प्रभाष चंद्र मित्तल ने शुभारम्भ किया। सीनियर वर्ग, जूनियर वर्ग तथा सब जूनियर वर्ग के 144 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सीनियर वर्ग अंडर 19 के फाइनल मैच में चांदपुर क्षेत्र की टीम ने हल्दौर क्षेत्र की टीम को 35-16 से हराया।
जूनियर वर्ग अंडर 17 का फाइनल मैच चांदपुर व बिजनौर की टीम के बीच हुआ। इसमें चांदपुर की टीम ने 31-08 से जीत हासिल की। सब जूनियर अंडर 14 कैटेगरी में फाइनल मैच बिजनौर व चांदपुर की टीम के बीच हुआ। इसमें चांदपुर की टीम ने बिजनौर क्षेत्र की टीम को 29-16 से हराया।
तीनों ही वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर चांदपुर क्षेत्र की टीम ने चैंपियन का खिताब हासिल की। कबड्डी विशेषज्ञ शुभम तोमर एवं विकास चौधरी ने रेफरी की भूमिका निभाई। अंपायर एवं टाइम कीपर के रूप में मनीत ढाका की भूमिका रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, कबड्डी कोच सुधीर कुमार, प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह त्यागी, विपिन पांडे, हंसराज सिंह, साजिद मलिक, मिथिलेश कुमारी, मोहित तोमर, ऋतिक कपूर, बिजेंद्र सिंह, निशांत कुमार, विकल्प कुमार का सहयोग रहा।