ओपीडी कक्षों के बाहर लगीं कुर्सियां
बिजनौर। आखिरकार जिला अस्पताल के प्रशासन की नींद टूट गई है। मरीजों की परेशानी का ख्याल करते हुए डाक्टरों के ओपीडी कक्षों के बाहर कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। अभी तक मरीज थकान होने पर जमीन पर ही बैठ जाया करते थे। अब परेशानी नहीं होगी।
जिला अस्पताल में रोजाना 1200 से अधिक मरीजों की ओपीडी हो रही है, जिसके चलते मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी आते हैं। अस्पताल में न तो मरीजों के बैठने की व्यवस्था थी और न ही तीमारदारों के लिए, लेकिन अब उनके बैठने लिए जिला अस्पताल में चिकित्सक की ओपीडी के बाहर कुर्सियां लगवाई गई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल में मरीजों के बैठने के लिए ओपीडी के बाहर करीब 50 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। कुछ मरीजों की तबीयत ज्यादा खराब होती है, जिसके चलते ओपीडी के बाहर मरीज नीचे ही बैठ जाते हैं। इसी व्यवस्था को सुधारने के लिए ओपीडी के बाहर कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। अस्पताल की कुछ कुर्सियां पहले टूट गई थीं, जिन्हें ठीक कराकर रखा गया है, जबकि 20 नई कुर्सियां मंगाई गई हैं।
वर्जन...
मरीजों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होने पाए, यह अस्पताल की प्राथमिकता है। मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए ही कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कुछ लोगों से जनहित में अस्पताल के लिए कुर्सी देने के लिए भी कहा गया है।
- डॉ. अरुण कुमार पांडेय, सीएमएस