- लोगों ने एक-दूसरे को खिलाई मिठाई, अधिकारियों ने भी मनाया जश्न
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/कोतवाली देहात। भारत के टी-20 विश्वकप जीतने पर लोगों ने धूमधाम से जश्न मनाया। एसपी की अगुवाई में जजी चौक पर पुलिस ने आधी रात को आतिशबाजी कर जश्न मनाया। विश्वकप जीतने के बाद लोगों ने मिठाई भी बांटी।
शनिवार को आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। लोगों ने फोन, टीवी सहित अन्य माध्यमों से मैच का आनंद लिया। मॉल सहित अन्य जगहों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखा। प्रशंसकों ने एक-एक गेंद पर निगाह रखी। भारतीय टीम के मैच जीतने के बाद प्रशंसक खुशी से उछल पड़े। शहर से लेकर देहात तक जीत का जश्न मनाया गया। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। साथ ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
कोतवाली देहात के गांव इलायचीपुर खड़कू उर्फ सिकेड़ा में संजीव डबास के नेतृत्व में रैली निकाली गई। गांव शादीपुर में स्थानीय खिलाड़ियों ने जीत पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान नवनीत मौर्य, सचिन मौर्य, दीपक मौर्य, विश्वास कुमार, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।
पुलिस, प्रशासन और न्यायपालिका ने लिया मैच का आंनद
बिजनौर। जिले में शांतिपूर्वक निर्वाचन होने के बाद रॉयल कैसल में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें न्यायपालिका, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। निर्वाचन के दौरान अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विश्वकप फाइनल देखने के लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई। अधिकारियों ने मैच खूब आनंद लिया। भारत के मैच जीतने के बाद अधिकारी खुशी से उछल पड़े। जिला जज मदनपाल सिंह, डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, एसपी नीरज कुमार जादौन, एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह, एएसपी देहात राम अर्ज आदि अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर, मैच जीतने के बाद एसपी नीरज कुमार जादौन का काफिला जजी चौक पर पहुंचा, जहां आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया गया।