जिले में सीबीएसई कंपार्टमेंट परीक्षा पांच केंद्रों पर होगी
बिजनौर। जिले के पांच केंद्रों पर सीबीएसई की 10 वीं व 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा होगी। परीक्षा 23 अगस्त से शुरू है। जिले में 1100 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड ने परीक्षा की डेटशीट विद्यालयों को भेज दी है। जिला मुख्यालय पर मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल बिजनौर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जिला कोआर्डिनेटर डॉ. सीमा विश्वास ने बताया कि जिले में सीबीएसई के 117 विद्यालय है। 10वीं के 6700 और 12वीं के 4724 विद्यार्थियों ने वर्ष 2022 की मुख्य परीक्षा दी थी। मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने पर ही कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए अर्ह विद्यार्थियों का एलान हो जाता है। इस साल 10वीं व 12वीं के करीब 10 प्रतिशत अर्थात 1100 विद्यार्थियों के कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। डॉ. सीमा विश्वास ने बताया कि मुख्य परीक्षा में जिले में 22 केंद्र थे। कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए पांच केंद्र बने हैं। परीक्षा केंद्र बिजनौर, चांदपुर, धामपुर, नगीना तथा नजीबाबाद तहसीलों में है। हर केंद्र को परीक्षार्थी का आवंटन हो गया है। परीक्षा में कोविड नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश है।
ये होगा परीक्षा का पाठ्यक्रम
बताया गया कि सीबीएसई से मिली जानकारी के अनुसार कंपार्टमेंट परीक्षा टर्म-2 के पाठ्यक्रम के आधार पर होगी। विद्यार्थी संबंधित विद्यालयों से पाठ्यक्रम को लेकर अपडेट ले सकते हैं। बताया जाता है कि लिस्ट आफ कैंडिडेट में जिन विद्यार्थियों का नाम होगा उन्हें ही कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने की अनुमति होगी। विद्यार्थी कॉलेजों से इस बारे में जानकारी प्राप्त कर लें।
ये हैं परीक्षा केंद्र
जिले में सीबीएसई की 10वीं व 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए माडर्न एरा पब्लिक स्कूल बिजनौर, सेंटमेरी स्कूल धामपुर, एलआरएस पब्लिक स्कूल नगीना, आरआर मोरारका पब्लिक स्कूल बूंदकी तथा आधारशिला पब्लिक स्कूल चांदपुर को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के लिए अर्ह विद्यार्थी केंद्रों पर संपर्क करें।