सरकारी कार्यालयों में पशु बांधने का आंदोलन स्थगित
नजीबाबाद। सरकारी कार्यालयों में आवारा पशु बांधने के आंदोलन को डीएम के आश्वासन के बाद भाकियू पदाधिकारियों ने स्थगित कर दिया है। डीएम ने एक सप्ताह के भीतर नई गोशाला बनाए जाने और आवारा पशुओं पर अंकुश लगाने का आश्वासन दिया है।
लोनिवि के विश्राम गृह में डीएम उमेश मिश्रा ने भाकियू पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। भाकियू के मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर और जिलाध्यक्ष चौ. कुलवीर सिंह ने आवारा पशुओं के आतंक, जानलेवा हमला करने, किसानों की फसलों को बर्बाद करने की समस्या से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों को विवश होकर आवारा पशुओं को सरकारी कार्यालय में बांधने का आंदोलन छेड़ना पड़ा। डीएम ने पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में 10 गोशालाएं बनाए जाने और आवारा पशुओं पर अंकुश लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भाकियू पदाधिकारियों ने आंदोलन को स्थगित कर दिया।
भाकियू पदाधिकारियों ने पशुओं आवारा छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, नजीबाबाद चीनी मिल का बकाया गन्ना भुगतान कराने समेत विभिन्न मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। बैठक में युवा जिलाध्यक्ष वरिंदर सिंह बांठ, पश्चिमी यूपी महासचिव चौ. सूरपाल सिंह, जिला संरक्षक चौ. रुकन सिंह, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, अवनीश कुमार, गजेंद्र सिंह, देवदत्त शर्मा, अर्जेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह, कमल सिंह, आयुष तोमर आदि मौजूद रहे।