- बिजनौर नगर पालिका से रालोद प्रत्याशी और निवर्तमान चेयरमैन को लेकर की गई थी पोस्ट
- चेयरपर्सन पति ने सपा उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के मकसद से पोस्ट करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिजनौर। फेसबुक पर चुनाव के संबंध में पोस्ट किए जाने को लेकर शहर कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। निवर्तमान चेयर पर्सन रुखसाना परवीन के पति शमशाद अंसारी ने इन दोनों लोगों के खिलाफ अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के मकसद से पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है।
निवर्तमान चेयरपर्सन और रालोद के उम्मीदवार रुखसाना परवीन के पति शमशाद अंसारी ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि मोहल्ला चहशीरी के रहने वाले जावेद राइन पुत्र फरीद अहमद ने उनके विरुद्ध फर्जी पोस्ट बनाकर अपनी फेसबुक आईडी से वायरल की है। जिससे प्रार्थी की पत्नी रालोद प्रत्याशी के चुनाव में नुकसान हो रहा है। आरोप लगाया गया कि समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने की मकसद से प्रार्थी का फोटो लगाकर फर्जी पोस्ट की गई है।
आरोप है कि इस पोस्ट के संबंध में बातचीत करने पर आरोपी ने गाली गलौज भी की और चुनाव खराब करने की धमकी दी। शमशाद अंसारी की ओर से इसी तरह के मामले में एक दूसरा मुकदमा फैजान मलिक निवासी झलरा के खिलाफ दर्ज कराया गया है। जिसमें भी फेसबुक आईडी पर फर्जी पोस्ट करने का आरोप है। फर्जी वीडियो बनाकर गलत तरीके से पोस्ट कर चुनाव में नुकसान करने का आरोप लगाया गया है।