- पहले दिन के मुकाबले रविवार को 9201 अभ्यर्थी अधिक रहे उपस्थित
- जनपद के 21 केंद्रों पर शांतिपूर्वक हुई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दूसरे दिन पहले दिन के मुकाबले 9201 अभ्यर्थी अधिक उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों के अनुसार वर्ष 2023 की परीक्षा में पूछे गए सवाल लीक से हटकर अधिक बौद्धिक सोच वाले थे। करंट अफेयर्स के सवाल कठिन रहे।
रविवार को आरजेपी इंटर कालेज परीक्षा केंद्र में आयोजित परीक्षा दो पाली में हुई। दोनों पाली में 21504 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 8635 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन दोनों पाली में पंजीकृत 21504 में 12668 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इस प्रकार दूसरे दिन पहले दिन की अपेक्षा 9201 अभ्यर्थी अधिक शामिल हुए।
दूसरे दिन पहली पाली में 10752 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 6386 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 4366 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थी का उपस्थित प्रतिशत 56.39 रहा। दूसरी पाली में पंजीकृत 10752 अभ्यर्थियों में 6483 अभ्यर्थी ने परीक्षा दी। 4269 अभ्यर्थी ने परीक्षा छोड़ दी। उपस्थित प्रतिशत 60.29 प्रतिशत रहा।
कृषि, गणित, इतिहास, सामान्य ज्ञान के सवाल थे आसान
अभ्यर्थी हर्ष आनंद, योगेश कुमार ने बताया कि कृषि, गणित, इतिहास, सामान्य ज्ञान आदि सवाल आसान रहे। करंट अफेयर्स के सवाल कठिन थे। मिथुन व सिद्धार्थ चौधरी ने बताया गणित, इतिहास और सामान्य ज्ञान अंक बढ़ाने में मदद करेंगे। शबीना तथा दीपक कुमार का कहना था कि वर्ष 2023 का पेपर लीक से हटकर था। सवाल बौद्धिक सोच वाले थे। पेपर में सवाल डायरेक्ट नहीं पूछे गए थे। 50 प्रतिशत सवाल तो आसानी से हल हुए। इसके बाद हर सवाल का जवाब सोचने में समय लगा।