- एसडीएम, तहसीलदार, व्यापारियों, वकील, पुलिसकर्मी और कर्मचारियों ने किया रक्तदान
- अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया गया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
फोटो समाचार
चांदपुर। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में महादानियों का सैलाब उमड़ पड़ा। शिविर में एसडीएम रितु रानी, तहसीलदार अवनीश कुमार सहित 51 लोगों ने रक्तदान किया।
मंगलवार को तहसील परिसर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसडीएम रितु रानी ने फीता काटकर किया। शिविर में युवा व महिलाएं काफी तादाद में आए। रक्तदान शिविर में प्रशासनिक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, व्यापारी, वकील, लेखपाल, अमीन, राजनेता, सामाजिक संगठन, पुलिस, डॉक्टर, गृहिणी, विद्यार्थी, किसान, शिक्षक आदि ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी लोगों के आने का सिलसिला जारी रहा। करीब 20 से 25 लोगों को रक्तदान किए बिना ही लौटना पड़ा। शिविर में नजीबाबाद, बिजनौर, चांदपुर व क्षेत्र के आसपास के गांव के लोगों ने आकर रक्तदान किया।
पति पत्नी ने किया रक्तदान
गांव तालिबपुर की प्रधान बीना देवी ने अपने पति यशवीर सिंह के साथ रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान कराने के लिए टीम जिला अस्पताल से पहुंची। जिसमें डॉ. जैसमिन खान, अंशुमन एलटी, प्रदीप कुमार, भानू, नरेश, मुजाहिद आदि शामिल रहे।
एसडीएम ने अमर उजाला की पहल को सराहा
एसडीएम रितु रानी ने कहा कि रक्तदाताओं का योगदान अमूल्य है। किसी भी रक्तदान वीर का यह कार्य व्यर्थ नहीं जाएगा। रक्तदान से लोगों की जिंदगी बचती है। इस तरह के शिविर से जागरूकता और चेतना का कार्य होता है। इस कार्य में समाज के अधिक से अधिक लोगों को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की।
आदित्य ने 26 और अनिल ने किया 28 बार रक्तदान
चांदपुर निवासी व्यवसायी आदित्य बंसल ने बताया कि वे अब तक करीब 26 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान से बहुत फायदे हैं। चांदपुर निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लगने वाले अनेक शिविरों में उन्होंने रक्तदान किया है। अब तक करीब 28 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान शिविर से अलग जब कभी किसी को रक्त की जरूरत पड़ती है तो ऐसे मौके पर भी वे रक्तदान करते रहते हैं। प्रियंक त्यागी ने कहा कि रक्तदान करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। भाजपा पूर्व नगराध्यक्ष पल्लव अग्रवाल ने कहा कि अमर उजाला का यह सराहनीय प्रयास है। हरिश्वर सिंह एडवोकेट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता आती है। किसान नेता कुलदीप चिकारा ने कहा कि उन्हें जब भी रक्तदान करने का मौका मिलता है तो वह रक्तदान करते हैं।
शिविर में इन्होंने किया रक्तदान
एसडीएम रितु रानी, तहसीलदार अवनीश कुमार, दीपक कुमार, कुलदीप चिकारा, विनय, ग्राम प्रधान बीना, यशवीर सिंह, गौरव, मोहित भाटिया, विनोद प्रजापति, हमेंद्र, सुधीर कुमार अग्रवाल, सुदेश, राकेश पाल, आदित्य बंसल, अनिल शर्मा, सुखवीर सिंह, सविता वर्मा, राघव अग्रवाल, अमित माहेश्वरी, रवि कुमार, अमित कुमार, हिमांशु, सिद्धराज सिंह, विकास कुमार, हरिश्वर सिंह एडवोकेट, सुधीर कुमार, राकेश कुमार बस्सी, मनोज कुमार, नीरज, पल्लव अग्रवाल, करन सिंह, दिग्विजय सिंह, अश्वनी कुमार, डॉ. नवीन कुमार राजपूत, विनीत कुमार, अमित कुमार, सौरभ अग्रवाल, गगन त्यागी, प्रशांत शर्मा, संदीप कुमार, केशव सिंह, दयाराम, प्रियंक त्यागी, कावेंद्र सिंह, कुलदीप कुमार, भानु प्रताप सिंह, कैलाश चंद, प्रदीप कुमार, राजेंद्र पाल, सुरेश कुमार आदि ने रक्तदान किया।