बढ़ापुर। क्षेत्र के ग्राम नूरपुर अरब में घर में सो रही छह माह की बच्ची को गुलदार के शिकार बनाने की घटना के बाद वन विभाग ने तीन ट्रैप कैमरों के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
तीन दिन पूर्व क्षेत्र के ग्राम नूरपुर अरब में मध्य रात्रि समय एक गुलदार दरवाजा विहीन छप्परनुमा घर में अपनी मां के पास सोती छह माह की बच्ची सिदरा उर्फ मुन्नी को उठाकर ले गया था और पास के गन्ने के खेत में ले जाकर बच्ची का शिकार किया था। घटना वाले दिन घटना स्थल के आसपास मिले गुलदार के पदचिन्हों को देखकर डीएफओ नजीबाबाद डॉ. मनोज कुमार ने बताया था कि गुलदार के पदचिन्ह के साथ ही एक गुलदार शावक के भी पदचिन्ह दिखे हैं, जिससे प्रतीत होता है कि गुलदार मादा है, जो अपने शावक के साथ घूम रही है। रविवार को भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने इसी मामले में पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने व गुलदार को पकड़ने की मांग को लेकर घटना स्थल के समीप धरना दिया था।
बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने के लिए घटनास्थल के आसपास संभावित क्षेत्र में तीन ट्रैप कैमरे लगाए हैं और एक स्थान पर एक पिंजरा भी लगाया गया है। जिसमें गुलदार को लालच देने के लिए एक कुत्ते को बांधा गया है। वन क्षेत्राधिकारी स्वयं वनकर्मियों की टीम के साथ गुलदार की तलाश में रात्रि गश्त कर रहे है। वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार ने ग्रामीणों से भी सतर्कता बरतने को कहा है।