डीएम ने कमेटी का गठन करने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजनौर पुस्तकालय तथा संस्कृति केंद्र का बायलॉज फिर से तैयार किया जाएगा। उसी आधार पर समिति में सदस्यों को जगह मिलेगी। इसके लिए डीएम नेकमेटी का गठन करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने बिजनौर पुस्तकालय तथा संस्कृति केंद्र के सचिव को निर्देश दिए कि किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर उनसे किराया वसूली की जाए। कहा कि जनवरी 2024 से दुकानों के लिए वर्तमान बाजार भाव के अनुसार किराए का निर्धारण हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सीडीओ की अध्यक्षता में संस्था का नया बायलॉज बनाने के लिए समिति गठित किया जाए। पुराने बायलॉज की कमियों को दूर करते हुए नया प्रभावी बायलॉज तैयार हो। उसी के अनुसार नए आजीवन एवं सामान्य सदस्य बनाने के साथ संस्था के कार्यों का क्रियान्वयन किया जाना जरुरी है।
कहा कि बिजनौर पुस्तकालय तथा संस्कृति केंद्र में निष्प्रयोज्य सामग्री, किताबों एवं उपकरणों को नीलाम कराते हुए जरुरत के अनुसार नई किताबें एवं फर्नीचर खरीदा जाए। पुस्तकालय तथा संस्कृति केंद्र एवं सीतापुर नेत्र चिकित्सालय परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बंद करने के लिए पुलिस गश्त करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ पूर्ण बोरा, एसडीएम सदर जयवर्धन, संस्था के सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।