दीपावली पर बढ़ेंगे बसों के फेरे, कर्मचारियों की छुट्टी रद्द
बिजनौर। दीपावली को लेकर परिवहन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिसके चलते 22 से 31 अक्तूबर तक चालक और परिचालकों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है। क्योंकि त्योहार के मौके पर बसों में यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है। बिजनौर से दिल्ली रूट पर बसों के फेरे दोगुने किए जाएंगे। यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है तो और भी बसों को भेजा जाएगा।
बिजनौर से दिल्ली रूटों पर 20 से ज्यादा बसों का संचालन होता है। अब त्योहार के मौके पर बसों के फेरे को बढ़ाकर 40 के आसपास किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सफर में कोई दिक्कत न हो। इस दौरान गंभीर परिस्थितियों में ही कर्मचारियों को अवकाश दिया जाएगा। लगातार 10 दिन ड्यूटी करने वाले डिपो कार्याशाला एवं क्षेत्रीय कार्यशाला में तैनात कर्मचारियों को 1200 रुपये दिए जाएंगे। जबकि नौ दिन ड्यूटी करने पर कर्मचारी को एक हजार रुपये दिए जाएंगे। अगर नियमित एवं संविदा चालक, परिचालक 10 दिनों तक रोजाना 300 किलोमीटर से ज्यादा बस चलाते हैं तो उन्हें चार हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। बिजनौर डिपो से हरिद्वार, धामपुर, चांदपुर, मुरादाबाद आदि रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
डिपो के सभी चालकों और परिचालकों को अवकाश न लेने के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। त्योहार के मौके पर यात्रियों को बसों में कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी
- धीरज सिंह पंवार, एआरएम