नई कालोनी मे आवास को ध्वस्त करती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
कालागढ़ में सिंचाई विभाग की रामगंगा बांध परियोजना की आवासीय कालोनी में प्रशासन ने आवासों का ध्वस्तीकरण किया। जिला अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि एनजीटी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। उधर अवैध निर्माण को छोड़कर आवासों के ध्वस्तीकरण को लेकर जनता में तीव्र रोष फैल गया। जिस पर पुलिस व पीएसी ने लाठी फटकार कर लोगों को कार्रवाई से दूर रखा। जनता और पुलिस के बीच तीखी झड़पे भी हुईं।
सोमवार को नई कालोनी में पुलिस व पीएसी के जवानों के बीच सिंचाई विभाग के अधिकारियों की निशानदेही पर प्रशासन (ई) हाजी इसरार अहमद के आवास 23, भगवानदास के आवास सी 275, व ए 24 को ध्वस्त कर दिया। महाबली से इन आवासों को ध्वस्त किया गया। आवास संख्या ई 23 के ध्वस्तीकरण का जनता ने जोरदार विरोध किया।
जिस पर पुलिस व पीएसी ने लाठी फटकार कर जनता को कार्रवाई से दूर कर दिया, लेकिन जनता के जबरदस्त विरोध के चलते ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दो घंटे रुकी रही। दोपहर तीन बजे जब डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे तो एसपी के साथ आई पुलिस ने जनता को ई 23 से दूर करने को दोबारा लाठियां फटकारी। कार्रवाई के दौरान जिला अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, एसपी राजीव स्वरूप, एसपी सरीता डोभाल, एसडीएम जीआर बिनवाल, तहसीलदार अबरार हुसैन, सीओ बीएस राणा, सिंचाई विभाग के ईई सीमांत, सहायक अभियंता गोपाल सिंह आदि मौजूद रहे। इस दौरान दो जेसीबी मशीन, एक फायर सर्विस, तीन बटालियन पीएसी मौके पर तैनात रही।
उधर ध्वस्त आवासों का सामान घरों के बाहर कर दिया गया। बिजली निगम ने कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई भी साथ साथ की। ईई सीमांत के अनुसार सिंचाई विभाग की कालोनी में 501 आवासों पर अवैध कब्जे हैं। जिनकी सूची जिला अधिकारी को सौंप दी गई है। डीएम व एसपी ने कहा कि कोर्ट के आदेशों का पालन किया जा रहा है।