बुलंदशहर (गाजियाबाद) के लिए खास -
- अज्ञात वाहन ने मुकेश की बाइक में मारी टक्कर, वाहन से बुरी तरह कुचल गया सिपाही
- कस्बा झालू के समीप स्थित एक ढाबे के निकट हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर/झालू ( बिजनौर ) कस्बा झालू के समीप स्थित एक ढाबे के निकट रविवार रात बाइक सवार बुलंदशहर निवासी सिपाही मुकेश कुमार की किसी वाहन टक्कर लग जाने से मौत हो गई। शव बुरी तरह कुचल जाने से लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और मामले की सूचना परिजनों को दी।
जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी के गांव हाजीपुर निवासी प्रेमपाल सिंह का 28 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सात जुलाई 2018 में पुलिस में भर्ती हुआ था। दस सितंबर 2022 को थाना शेरकोट से तबादला होने पर हल्दौर थाने में आमद कराई थी। मुकेश कुमार की झालू चौकी पर तैनाती की गई थी। पुलिस के अनुसार रविवार रात वह खाना खाने के बाद बाइक से ड्यूटी करने बिलाई चीनी मिल पर स्थित पुलिस पिकेट पर जा रहा था।
रात करीब साढ़े नौ बजे बिजनौर-नहटौर मार्ग पर स्थित कस्बा झालू के निकट एक फार्म हाउस व ढाबे के बीच पीछे से आ रहे किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने मामले की सूचना फोन पर पुलिस को दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक, रायफल व हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गए। शव बुरी तरह कुचल जाने से वहां से गुजर रहे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और मामले की सूचना परिजनों को दी। कांस्टेबल राकेश ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले में कांस्टेबल राकेश कुमार की और से रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
एक माह पहले ही तय हुआ था रिश्ता
सिपाही मुकेश की पूर्व में चौकी पर तैनात दरोगा की पुत्री से शादी के लिए करीब एक माह पूर्व ही रिश्ता तय हुआ था। शादी की तारीख के लिए बातचीत चल रही थी। हादसे के बाद शादी के लिए की जा तैयारी मातम में बदल गई। कांस्टेबल मुकेश कुमार बहुत ही खुश मिजाज व मृदुल भाषा वाला था। उसने बीएससी तक शिक्षा प्राप्त कर रखी थी।