बरात जाने से पहले ही टूटा रिश्ता, पति सहित सात पर रिपोर्ट दर्ज
धामपुर। कोतवाली देहात के गांव इलायचीपुर खड़कू निवासी तारा सिंह ने अपनी पुत्री की शादी करने को धामपुर थाने के गांव बसेड़ा ख़ुर्द में विकास के साथ तय की थी। आठ दिसंबर को विकास को बरात लेकर जाना था। आरोप है कि रिश्ता होने के साथ ही आरोपी विकास अपने परिवार के सदस्यों के साथ दहेज में दो लाख की नकदी और कार की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं हुई तो वह बरात लेकर नहीं आया। युवती के पिता ने विकास सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इलायचीपुर खड़कू निवासी तारा सिंह ने बताया कि उसने अपनी पुत्री का रिश्ता धामपुर थाने के गांव बसेड़ा खुर्द में विकास के साथ तय किया था। जब रिश्ता तय किया था तो आरोपियों ने कोई मांग नहीं की। लेकिन बाद में दो लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। जबकि वह पांच लाख और बाइक रिश्ते में दे चुके थे। आठ दिसंबर को विकास को उनके गांव में बरात लेकर आना था। मगर वह बरात लेकर नहीं पहुंचा। जिससे कारण रिश्ता टूट गया। कोतवाल माधो सिंह बिष्ट का कहना है कि पुलिस की ओर से युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट कायम होने के बाद आरोपी घर से फरार हो गए । पुलिस आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में लगी है।