बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने बिना विनियमन शुल्क जमा किए संचालित भट्टों में मिट्टी खुदाई एवं पथेर का कार्य बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईंट भट्टा सत्र 2022-23 के तहत बिना विनियमन शुल्क जमा किए ईंट भट्टे पर मिट्टी खुदाई एवं पथेर का कार्य नहीं किया जाएगा।
डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में ईंट भट्टा सत्र 2022-23 का संचालन एक अक्तूबर से शुरू हो गया है, जो आगामी 30 सितंबर 2023 तक संचालित रहेगा। कार्यालय के अभिलेखों के अनुसार ईंट भट्टा स्वामियों से ईंट भट्टा समाधान योजना के तहत विनियमन शुल्क की धनराशि जमा कराई जाती है। शासन स्तर से अभी तक आलोच्य सत्र की कोई ईंट भट्टा समाधान योजना प्राप्त नहीं हुई है। जिसकी वजह से ईंट भट्टा स्वामियों से वित्तीय वर्ष 2022-23 के विनियमन शुल्क की धनराशि जमा नहीं कराई गई है।
जिसके चलते डीएम ने सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, जिला पंचायत अधिकारी एवं थानाध्यक्षों को बिना विनियमन शुल्क जमा किए संचालित भट्टो को बंद कराने के निर्देश दिए। जब तक ईंट भट्टा स्वामी वित्तीय वर्ष 2022-23 की विनियमन शुल्क की धनराशि जमा नहीं करते हैं तब तक ईंट भट्टे पर मिट्टी खुदाई एवं पथेर का कार्य बंद कराया जाए। इसके बाद उस ईंट भट्टे पर अपनी स्पष्ट आख्या संस्तुति सहित कार्यालय जिलाधिकारी (खनिज अनुभाग) को उपलब्ध कराएं।