बिजनौर। पालिका के चुनाव में बिजनौर जनपद में पिछड़ा वर्ग के हिस्से में पांच सीटें पहुंची है। इसमें से दो सीटें पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हुई हैं। वर्ष 2022 दिसंबर माह में जारी हुए आरक्षण में जनपद में एक भी चेयरमैन पद की सीट पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित नहीं की गई थी। अब संशोधित आरक्षण में पिछड़े वर्ग को तबज्जो दी गई है। उधर अनारक्षित के लिए दस सीटें आरक्षित की गई है।
नगर पालिका व नगर पंचायत के चेयरमैन पद के लिए बृहस्पतिवार को आरक्षण अधिसूचना जारी हुई। चुनाव की तिथि जारी नहीं, परंतु आरक्षण की अधिसूचना जारी होते ही चुनावी माहौल गर्म हो गया है। वर्ष 2022 दिसंबर में जारी हुए आरक्षण में पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा की गई थी। आरक्षण की स्थिति जांचने के लिए सरकार ने आयोग गठन किया था। आयोग ने जिलों में पहुंचकर सत्यापन किया था। बृहस्पतिवार को जारी हुई आरक्षण अधिसूचना में पिछड़े समाज के लिए पांच सीटें आरक्षित की गई।
इसमें नहटौर की सीट दिसंबर में अनारक्षित थी, जो अब पिछड़ा वर्ग में हो गई। अफजलगढ़ की पहले अनारक्षित थी, जो अब पिछड़ा वर्ग महिला हो गई। शेरकोट की सीट पहले जारी आरक्षण में अनुसूचित जाति थी, जो अब पिछड़ा वर्ग तथा बढ़ापुर सीट पहले अनारक्षित थी, जो अब पिछड़ा वर्ग हो गई। इसके अलावा जलालाबाद की सीट पहले अनारक्षित थी। अब यहां की भी पिछड़ा वर्ग महिला में परिवर्तित हो गई।
किसको कितना आरक्षण
अनुसूचित जाति - 1
पिछड़ा वर्ग महिला - 2
पिछड़ा वर्ग - 3
महिला - 2
अनारक्षित - 10