अफजलगढ़ के गांव भज्जावाला रामगंगा में डूबे राम सिंह का शव मिलने पर विलाप करते परिजन।
तीन दिन पूर्व एक मछली पकड़ते वक्त और दूसरा चारा लाते समय डूब गया था
एक का शव गांव भज्जावाला और दूसरे का मुरादाबाद जिले में हुआ बरामद
दोनों युवक आपस में ममेरे और फुफेरे भाई थे
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। तीन दिन पहले रामगंगा नदी में डूबे गांव भज्जावाला और जयनगर के दोनों युवकों के शव बरामद हो गए हैं। एक का शव गांव भज्जावाला और दूसरे का मुरादाबाद जिले में बरामद हुआ। दोनों युवक आपस में ममेरे और फुफेरे भाई थे। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव भज्जावाला निवासी राम सिंह पुत्र जगदीश सिंह तीन दिन पूर्व रामगंगा घाट पर गांव निवासी गजेंद्र सिंह के साथ मछली पकड़ने के लिए गया था। उसका साथी तो वापस गांव लौट आया था किन्तु राम सिंह नहीं लौटा था। कुछ देर बाद उसके रामगंगा नदी में डूबने की बात पता चली थी। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। रविवार को उसका शव मिल गया। कोतवाल पंकज तोमर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को रोते बिलखते छोड़ा है।
उधर, गांव जयनगर में तीन दिन पूर्व देवेंद्र (18) पुत्र शिवनंदन चारा लेने के लिए रामगंगा नदी के पार गया था। लौटते वक्त नदी में डूब गया था। रविवार को उसका शव भी रामगंगा नदी में कांठ मुरादाबाद की सीमा के पास मिल गया। स्थानीय पुलिस की ओर से शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।