बैंक से सवा लाख रुपये से भरा थैला उड़ाया
चांदपुर। बैंक में रुपये जमा करने गए व्यापारी का कैश काउंटर पर रखा बैग चोर लेकर फरार हो गया।
नगर निवासी सुंदर भाटिया का अनेक सामानों की एजेंसी आदि का कारोबार है। व्यवसायी सुंदर भाटिया ने बताया कि शुक्रवार को उनके पास काम कर रहे गौरव भाटिया रेलवे स्टेशन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में रुपये जमा करने गया था। गौरव ने पुलिस को बताया कि कैश काउंटर पर कैश जमा करने के लिए साइड में रखा था। पलक झपकते ही बैग गायब हो गया। जैसे ही बैग गुम होने का पता लगा, तुरंत ही आसपास बैग को तलाश किया, लेकिन बैग का कहीं पता नहीं लगा। बैग में एक लाख 28 हजार रुपये थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। कोतवाली प्रभारी पंकज तोमर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बैंक में लगे सीसीटीवी की फुटेज से पहचान कर चोर की तलाश की जा रही है।