ब्लॉक कर्मियों ने कब्रिस्तान मार्ग की साफ सफाई कराई
बिजनौर, कासमपुरगढ़ी। गांव सीरवासुचंद में दलित बस्ती के नजदीक कब्रिस्तान के रास्ते में पड़ी गंदगी व कूड़ियों से क्षुब्ध होकर मुस्लिम समाज ने विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की थी। बुधवार को ब्लॉक कर्मियों ने मार्ग की साफ सफाई कराई। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते पंचायतघर पर लगी कूड़ियों के ढेरों को नहीं हटा सके। गांववासियों का कहना है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जब तक मामले का निर्णय नहीं हो जाता है, वह अपने कूड़ियां नहीं हटाने देंगे। अधिकारियों का कहना है कि विवादित मामले की वजह से पंचायतघर का सौंदर्यीकरण भी अधर में लटका है। टीम में ग्राम प्रधान शकीला रईस, पंचायत सचिव राजकुमार, जेई नन्हे सिंह, हलका लेखपाल शीशराम सिंह रहे। इस मौके पर कब्रिस्तान कमेटी के अध्यक्ष मो. अशरफ, ताहिर, महबूब, मो. साजिद, मो. आसिफ, मुंशी अलवी, मो. इस्लाम आदि मौजूद रहे।