निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर बीएलओ नियुक्त
नहटौर। निकाय चुनाव को लेकर पालिका के 25 वार्डों के 54 बूथों पर वोटर लिस्ट में संशोधन आदि का कार्यों को लेकर 54 बीएलओ नियुक्त कर दिए गए हैं। बीएलओ वोटर लिस्ट में 15 दिन के समय में त्रुटियों को दूर करेंगे।
नगरपालिका नहटौर के 25 वार्डों में निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू होने लगी हैं। 54 बीएलओ की नियुक्त कर दी गई है। इस बार केवल प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को बीएलओ बनाया गया। 5 से 20 अक्तूबर तक बीएलओ अपने बूथों पर वोटर लिस्ट में संशोधन करेंगे, जिसमें मतदाता बूथ पर जाकर अपना नाम आदि त्रुटियों को सही करा सकता है। निकाय चुनाव को लेकर नगर पालिका कई सूचनाओं को एकत्रित करते हुए शासन को भेज रही हैं। प्रत्येक बूथ पर बीएलओ 15 दिन में वोटर लिस्ट में संशोधन करेंगे। अक्तूबर में निकाय चुनाव को लेकर वोटर लिस्ट को तैयार करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उधर, नगर पालिका की तैयारियों को देखते हुए चुनाव की तारीख नजदीक होने को देखते हुए प्रत्याशियों ने भी जनसंपर्क अभियान में तेजी ला दी है। इस बार नहटौर नगर पालिका में कई दिग्गज अपनी किस्मत अजमाने के लिए मैदान में आने की तैयारी में जुटे हुए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष की सीट पर आरक्षण की स्थिति साफ होने पर कई दिग्गजों के मैदान में आने पर मुकाबला रोचक होगा। फिलहाल नगर पालिका अपनी तैयारी करने के लिए जुटी हुई हैं। ईओ ओम गिरी का कहना हैं कि शासन के दिशा-निर्देश का पालन करते हुए बूथों पर बीएलओ की नियुक्त की गई हैं।