नजीबाबाद में कंबल बनाते कर्मचारी।
- फोटो : NAZIBABAD
कंबल कारखाने ने 4800 कंबल बनाए
नजीबाबाद। कंबल कारखाना नजीबाबाद वित्तीय वर्ष में जल्द पांच हजार कंबल निर्माण लक्ष्य प्राप्त कर लेगा। फरवरी के अंत तक 4800 कंबल का उत्पादन किया जा चुका है। कंबल कारखाना नजीबाबाद को खादी ग्राम उद्योग की ओर से वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 5000 कंबल उत्पादन का लक्ष्य मिला था। कारखाना प्रबंधक और व्यवस्थापक राम कवांर के नेतृत्व में फरवरी के अंत तक कारखाने ने 4800 कंबलों का निर्माण कार्य पूरा किया। कार्यालय प्रभारी बाबूराम ने बताया कि वर्तमान सीजन में दिसंबर से फरवरी तक कारखाने ने 1300 कंबलों का निर्माण किया। कारखाने के पास वर्तमान में 2900 कंबलों का स्टॉक उपलब्ध है। उप्र खादी ग्रामोद्योग लखनऊ के मुख्य कार्यपालक एवं अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, उप मुख्य कार्यपालक राजीव त्यागी की देखरेख में बंद पड़े कंबल कारखाने में वर्ष 2019 से कंबल उत्पादन शुरू हुआ था। कोरोनाकाल की चुनौतियों के बावजूद कंबल कारखाने ने कंबल उत्पादन लक्ष्य प्राप्त किया है।