स्योहारा। बिजली घर आठवें दिन भी चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में धरना जारी रहा। किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष ने एसडीओ पर किसानों को धमकाने का आरोप लगाया है।
बिजलीघर पर आयोजित धरने के आठवें दिन किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि संगठन का कार्यकर्ता अजीम खान धामपुर बिजली का बिल जमा करने गया था। वहां पर एसडीओ प्रेम सिंह दफ्तर में मिले और उनसे धरने पर बैठे किसानों को चिन्हित कर मुकदमे दर्ज करने की धमकी दी, जिसके बाद किसानों में आक्रोश फैल गया। मंडल अध्यक्ष बाबू राम तोमर मुरादाबाद से आते हुए धरना स्थल बिजली घर पहुंचे। उन्होंने किसानों का हौंसला बढ़ाया। उन्होंने कहा किसान किसी की धमकियों से नहीं डरते, बल्कि जवाब देने के साथ उनका इलाज करते हैं। जब तक किसानों की बिजली समस्याओं का समाधान नहीं होगा आंदोलन चलता रहेगा।
इस अवसर पर गजराम सिंह, मलखान सिंह गुर्जर, सुखबीर सिंह, हरिओम सिंह यादव, सत्यवीर सिंह, चिरंजी सिंह यादव, करण सिंह जाटव, हरवीर यादव, यशपाल सिंह, आलोक सिंह आदि बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।