सड़क हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत
नींदडू़। बाइक और ट्रक की आमने सामने से हुई टक्कर में बाइक पर सवार किशोर की मौत हो गई।
मंगलवार की अपराह्न करीब चार बजे मोहल्ला काजियान के नजर आलम का पुत्र मोहम्मद जैद (17) बाइक द्वारा नींदडू़ से धामपुर की ओर जा रहा था। वह सर सैयद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नींदडू़ में कक्षा-10 का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बाइक अंत्योदय पब्लिक स्कूल के पास कब्रिस्तान के सामने पहुंची, तभी धामपुर दिशा से आ रहे गैस के सिलिंडर लदे ट्रक और बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार मोहम्मद जैद की मौके पर ही मौत हो गई। वह इकलौता पुत्र था। मौत का समाचार पाते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस बाबत मृतक के पिता नजर आलम की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के तहत शव को अपने कब्जे में लेकर बिजनौर भेज दिया है।