बिजनौर, रेहड़। बादीगढ़-कल्लूवाला मार्ग पर गुलदार के हमले में एक बाइक सवार जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के पकड़े जाने की मांग की है।
रानी नांगल निवासी बबलू ने बादीगढ़ चौराहे पर ढाबा खोल रखा है। बृहस्पतिवार की रात ढाबा बंद कर बबलू बाइक से अपने पुत्र विशाल के साथ घर जा रहा था। बादीगढ़ कल्लूवाला मार्ग पर पांच बड़ के नजदीक अचानक गुलदार ने हमले का प्रयास किया। बाइक सवारों ने साहस दिखाते हुए तेज गति से बाइक दौड़ाकर किसी तरह अपनी जान बचाई लेकिन तब तक पीछे बैठे विशाल के पैर में गुलदार ने पंजा मार कर जख्मी कर दिया।
शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख गुलदार खेतों की ओर भाग गया। घायल को निजी चिकित्सक के यहां उपचार दिलाया गया है। ग्रामीणों ने गुलदार के पकड़े जाने की मांग की है।