कार की टक्कर से बाइक सवार मां और बेटे की मौत
चांदपुर (बिजनौर)। तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। मां-बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जनपद अमरोहा के धनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर निवासी रवि (21) पुत्र यादराम बृहस्पतिवार को को अपनी माता बिमलेश के साथ बहन से राखी बंधवाने के लिए नजीबाबाद के गांव मिर्जापुर आया था। शुक्रवार दोपहर दोनों बाइक से अपने गांव जा रहे थे। जब वे ग्राम दरबाडा के निकट पहुंची तो विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी स्याऊ ले जाते समय दोनों की रास्ते में ही मौत हो गई। कार चालक और उसमें सवार लोग फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रवि चार भाई और एक बहन में तीसरे नंबर का था, उसकी शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरा ने बताया कि पुलिस ने रवि के पिता यादराम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।