चाइनीज मांझे से बाइक सवार जख्मी
स्योहारा। चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक घायल हो गया। जिसे निजी चिकित्सक के भर्ती कराया गया। क्षेत्र में अनेक दुकानों पर चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। कई शिकायत के बाद भी अधिकारियों की ओर से इन दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं की गई है।
सहसपुर में शुक्रवार शाम 6:30 बजे जुमा चौराहे पर बाइक सवार मोहम्मद समीर (23) पुत्र इंतजार अहमद निवासी मोहल्ला चौधरियान सहसपुर और सलमान चौधरी (29) पुत्र डॉ. सलीम अहमद निवासी मोहल्ला चौधरियान सहसपुर स्योहारा से सहसपुर जा रहे थे। रास्ते में जुम्मा चौराहा पर शान बैटरी वाले की दुकान के सामने एक बच्चा पतंग का मांझा खींच रहा था। इसी बीच मांझा पतंग से टूटकर अलग हो गया जो बाइक सवार समीर की गर्दन पर आकर लिपट गया, जिससे वह जख्मी हो गया। गर्दन में मांझा फंसने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घायल समीर को सलमान चिकित्सक के पास लेकर गया। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।