अफजलगढ़। बाइक पर सवार होकर खेत पर जा रहे युवक की अचानक जंगली जानवर से टक्कर हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को काशीपुर के निजी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव खुशहालपुर निवासी हिमांशु ने बताया कि उनका गांव के समीप ही शेख सुलेमान फार्म के पास खेत है। रविवार को करीब 12 बजे उसका छोटा भाई रणवीर 30 वर्ष पुत्र चंद्रपाल सिंह बाइक से ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना भरवाने के लिए खेत पर गया था। जब वह करीब दो बजे बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था, तो बोबी के खेत के समीप अचानक खेत से निकलकर एक जंगली जानवर रणवीर की बाइक से आ टकराया। बाइक अनियंत्रित होकर समीप ही नहर में जा गिरी और युवक पुलिया से जा टकराया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन उसे आनन फानन में उपचार के लिए काशीपुर निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने हेल्मेट नही लगाया हुआ था वरना उसकी जान बच सकती थी।