- गांव भिक्कावाला के समीप हुआ हादसा, बाइक पर सवार थे तीन युवक
- तीनों में से किसी ने भी नहीं लगा रखा था हेलमेट
अफजलगढ़। गांव भिक्कावाला के समीप गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर बाइक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर अस्पताल भेजा। बाइक पर तीन युवक सवार थे, किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था।
गांव कल्लूवाला निवासी छिंदर सिंह (40) पुत्र जोगेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह (25) पुत्र कुलविंदर सिंह और जसविंदर सिंह (24) पुत्र करतार सिंह एक ही बाइक से किसी काम से भिक्कावाला आए थे। बुधवार रात वह अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भिक्कावाला से आगे निकले अचानक उनकी बाइक गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर गिर गई। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। उपचार के लिए काशीपुर ले जाते समय छिंदर की मौत हो गई। दुर्घटना के समय बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष तोमर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लिया गया है।
वहीं, द्वारिकेश शुगर मिल के समीप बाइक सवार तीन लोग किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। पुराना कालागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह पत्नी ममता व बच्चे अंश के साथ बाइक से नूरपुर के गांव लंबिया से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह द्वारिकेश शुगर मिल के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आकर गिर गई। दुर्घटना में तीनों घायल हो गए। भूपेंद्र व ममता को हायर सेंटर रेफर किया गया है।