- इटली में 18 से 22 सितंबर तक विश्व स्तरीय रोलर स्केट प्रतियोगिता हुई
-भारतीय स्केटिंग टीम में वैष्णवी ने निभाई उपकप्तान की भूमिका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले के युवा खेल क्षेत्र में खूब नाम रोशन कर रहे हैं। बिजनौर की वैष्णवी के शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम ने विश्व रोलर स्केट प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। पदक जीतने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
इटली में 18 से 22 सितंबर तक विश्व स्तरीय रोलर स्केट प्रतियोगिता 2024 आयोजित हुई। इसमें भारत की रोलर डर्वी सीनियर महिला टीम ने प्रतिभाग किया। भारतीय टीम ने चीन को हराकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। 127 प्वाइंट के मुकाबले चीन की टीम 39 प्वाइंट ही बना सकी।
बिजनौर की आवास विकास कॉलोनी निवासी गोपाल शर्मा व प्रीति शर्मा की पुत्री वैष्णवी भी टीम का हिस्सा रही। भारतीय टीम की कप्तान शुरीतिका जयकांत सरोड़े 10 नंबर और उपकप्तान वैष्णवी शर्मा 7 नंबर की ड्रेस में खेली। भारत की टीम में 15 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें उत्तर प्रदेश की तीन, महाराष्ट्र की सात, कर्नाटक की दो, राजस्थान की एक, तमिलनाडु की एक, आंध्र प्रदेश की एक महिला खिलाड़ी शामिल रही।
भारतीय टीम का इस प्रतियोगिता में यूएसए, आस्ट्रेलिया, चीन, न्यूजीलैंड की टीम से मुकाबला हुआ। पदक मिलने के बाद से परिवार में खुशी का माहौल है। माता प्रीति शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी ने जिले और देश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी वह स्वर्ण और रजत पदक जीत चुकी है।
भारतीय स्केटिंग टीम में बिजनौर की वैष्णवी का शामिल होना हमारे लिए गौरव की बात है। टीम ने शानदार प्रदर्शन कर देश को पदक दिलाया है। वैष्णवी को उज्जवल भविष्य की बहुत-बहुत बधाई। - राजकुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी, बिजनौर