- पहले जाएंगी दस क्विंटल मटर, सात क्विंटल गाजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद में धरती पर उग रही मटर सऊदी अरब की बिरयानी का स्वाद बढ़ाएगी। जिले में उत्पादित गाजर भी अपनी छाप छोड़ेगी। सऊदी अरब से दस क्विंटल मटर एवं सात क्विंटल गाजर की डिमांड आई है। डिमांड के अनुसार सब्जियां वहां भेजने के लिए उनकी पैकिंग शुरू कर दी।
यहां कृषि क्षेत्र के उत्पादित पदार्थ लोकल बाजार या एनसीआर में ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में पहुंच रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने जनपद में कई एफपीओ का गठन किया। इससे यहां के पदार्थ विदेशों में पहुंच रहे हैं। किसानों को फसलों का अच्छा दाम मिलने से उनकी आय बढ़ रही है। फॉर्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी के डॉ. शोएब ने बताया कि सऊदी अरब से सात क्विंटल गाजर और दस क्विंटल मटर का आर्डर मिला है, जिसे भेजने की तैयारी चल रही है। यह डिमांड और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।
खाड़ी देशों में पहुंचे जिले के उत्पाद
जनपद में उत्पादित पदार्थों की खाड़ी देशों में अच्छी मांग है। फॉर्मर्स प्रोड्यूसर्स कम्पनी लिमिटेड के निदेशक डॉ. शोएब ने बताया कि आम के सीजन में 20 टन आम, 25 टन प्याज और पिछले सीजन में 100 टन गुड़ की आपूर्ति कर चुके हैं। इस बार भी गुड़ की डिमांड है। फरवरी के अंत में भेजने की तैयारी की जाएगी।
बोले अफसर -
किसानों के पदार्थों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए डीएम के निर्देश पर निर्यातकों व किसानों की वार्ता कराई जा रही है। साथ ही एफपीओ के गठन किए गए। यहां के उत्पाद अन्य देशों के बाजार में पहुंचने से किसानों को अच्छा दाम मिल रहा है। - डॉ. अवधेश मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी।